शाहतलाई(बिलासपुर)। पुलिस थाना तलाई के अंतर्गत आने वाले गांव भगतपुर के एक युवक ने दो लोगों के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज और पैसे चुराने की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने प्राथमिकता के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार भगतपुर के निवासी प्रदीप कुमार ने तलाई थाने में आकर मामला दर्ज करवाया है कि शराब के ठेके पर काम करने वाले कश्मीर सिंह और उसके दोस्त ने प्रदीप की स्कूटी का पीछा किया और अपनी गाड़ी उसकी स्कूटी के आगे लगाकर उसका रास्ता रोक दिया। उक्त आरोपियों ने प्रदीप को रोक कर कहा कि उसकी स्कूटी छुपाई है लेकिन जब उन्होंने तलाशी ली तो वहां कुछ नहीं मिला। पीड़ित ने कहा कि कश्मीर सिंह और उसके साथी ने उसे गालीगलौज करना शुरू कर दिया और गाड़ी से डंडा निकाल कर उसे मारा भी।
प्रदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना के दौरान उसकी जेब में 10,000 रुपये भी थे लेकिन मारपीट के बाद जब उसने पैसे देखे तो पैसे नहीं थे। इससे उसको अंदेशा है कि आरोपी उसके पैसे लेकर चले गए हैं। पुलिस ने प्रदीप की शिकायत पर भादंसं की धारा 341, 323, 504, 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी घुमारवीं राजेंद्र जसवाल ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।