बिलासपुर। पीओ सेल की टीम ने अदालत की ओर से उद्घोषित महिला अपराधी को गिरफ्तार किया है। महिला को पीओ सेल की टीम ने शिमला बीसीएस से पकड़ा है। बिलासपुर जिला के खलेटा की रहने वाली लीला देवी ने थाना सदर में 16 जून, 2012 को शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी एक बेटी व बेटा है जिसमें से बेटी की शादी 17 फरवरी, 2012 को मैथी में की थी।
14 जून, 2012 को अपनी बेटी को फोन किया तो उसने बताया कि वह लांछन लगाने वालों से बहुत परेशान है जिस कारण वह आत्महत्या करने जा रही है। लीला देवी के अनुसार जब उसने 15 जून, 2012 को दोबारा फोन किया तो उसे पता चला कि उसकी बेटी स्मृति देवी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है।
इस पर पुलिस ने मां व बेटे के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 309 के तहत मामला दर्ज किया तथा चालान अदालत में पेश किया। अदालत द्वारा बार-बार समन व नोटिस दिए जाने के बावजूद भी महिला अदालत में पेश नहीं हुई जिस पर अदालत ने महिला को उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया और मामला पीओ सेल को सौंप दिया था। एसपी बिलासपुर साक्षी वर्मा ने खबर की पुष्टि की है।