घुमारवीं(बिलासपुर)। एसआईयू की टीम ने एक कार्रवाई के दौरान पनोह घुमारवीं में एक खोखे से 780 अवैध शराब की बोतलें कब्जे में लीं। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पकड़ी गई शराब चंडीगढ़ ब्रांड की थी। खबर की पुष्टि एसपी बिलासपुर साक्षी वर्मा ने की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम के एचसी अनिल कुमार अंवेषणाधिकारी व आरक्षी मनीष कुमार, आरक्षी राजेश कुमार की टीम ने थाना घुमारवीं की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई में पनोह गांव के पास अमर सिंहपुरा में कृपाल सिंह पुत्र करतार सिंह वीपीओ पनोह तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर के एक टीन के खोखे से चंडीगढ़ ब्रांड शराब की 780 बोतलों का बड़ा जखीरा बरामद किया। पुलिस ने मौके पर से शराब को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने उक्त कार्रवाई मिली गुप्त सूचना के आधार पर की है।
एसपी बिलासपुर साक्षी वर्मा ने बताया कि पुलिस ने शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी है। उन्होंने कहा शराब को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने साफ किया कि नशा कारोबारियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि पकड़ी गई शराब चंडीगढ़ ब्रांड की है।