बरमाणा(बिलासपुर)। बरमाणा पुलिस ने नाके के दौरान एक युवक से 9.25 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। खबर की पुष्टि एसपी बिलासपुर साक्षी वर्मा ने की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बरमाणा पुलिस ने लगट के पास नाका लगा रखा था। इसी दौरान पुलिस ने बरमाणा की ओर जा रहे ट्रक नंबर एचपी 69-4650 को चेकिंग के लिए रोका। पुलिस को देख कर ट्रक चालक घबरा गया जिसके बाद पुलिस ने जब ट्रक की तलाशी ली तो ट्रक के डैशबोर्ड से पुलिस को 9.25 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक प्रदीप चौधरी पुत्र जोगिंद्र सिंह निवासी भगवा बाजार छपरा बिहार 27 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया है। इसके खिलाफ बरमाणा थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसपी बिलासपुर साक्षी वर्मा ने बताया की आरोपी से पूछताछ की जा रही है।