बिलासपुर। मजदूरी करने जा रहीं तीन महिलाएं सिलेंडर भरे टेंपो और अनियंत्रित बस की टक्कर के दौरान चपेट में आ गईं। इससे तीनों घायल हो गईं। इनमें एक महिला को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर के मोहल्ला टांडा हुरमतनगर निवासी राशिद की पत्नी यासमीन (35), पप्पू की पत्नी मेराज जहां, पप्पी की पत्नी माला शनिवार सुबह आठ बजे घने कोहरे के बीच क्षेत्र की चड्ढा पेपर मिल में मजदूरी करने एक सिलेंडर भरे टेेंपो से जा रहीं थीं। पेपर मिल के पास वह टेंपो से उतर रहीं थीं। इसी दौरान तेज गति में आ रही अनियंत्रित रोडवेज बस ने टेंपो में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना के दौरान ये तीनों महिलाएं चपेट में आकर घायल हो गईं। टेेंपो के सभी सिलेंडर भी रोड किनारे बिखर गए। महिलाओं की चीख पुकार सुनकर तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। चालक बस समेत भाग गया और टेंपो का चालक भी हादसे के बाद टेंपो छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने तीनों घायल महिलाओं को नगर के सीएचसी में दाखिल कराया जिसमें चिकित्सकों ने यासमीन को मृत घोषित कर दिया। राशिद अस्पताल पहुंचा तो अपनी पत्नी को मृत देखकर वह बेहोश हो गया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। मृतका के तीन बच्चे बताए गए हैं।