स्कूली बच्चों के लिए 3 अक्तूबर से शुरू होगी क्रिकेट प्रतियोगिता
-छात्र और छात्राओं की आठ-आठ टीमें लेंगी भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला क्रिकेट संघ की ओर से स्कूली बच्चों के लिए क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन लुहणू क्रिकेट मैदान में किया जा रहा है। इसमें छात्र और छात्राओं की आठ-आठ टीमें भाग लेंगी।
टूर्नामेंट के संयोजक जितेंद्र ठाकुर और सह संयोजक सतीश ठाकुर ने बताया कि टूर्नामेंट की सारी तैयारियां कर ली गई है। 3 अक्तूबर से यह टूर्नामेंट शुरू होगा, जो करीब एक सप्ताह तक चलेगा। इस दौरान बच्चों से किसी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, जबकि विजेता टीमों को पुरस्कार और मैच के दौरान जलपान का प्रबंध जिला क्रिकेट संघ करेगा। प्रतियोगिता के दौरान क्रिकेट खेल खेलने के लिए बैट, पैड, गल्वज, हेलमेट आदि जिला क्रिकेट संघ की ओर से दिए जाएंगे। जिला क्रिकेट संघ के सचिव और बीसीसीआई सीनियर टूर्नामेंट चयन कमेटी के सदस्य विशाल जगोता ने बताया कि यह केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर की दूरदर्शी सोच का परिणाम है कि बच्चों को नशे आदि से दूर रखने के लिए खेलों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विशेष तौर पर यह बात कही है कि बच्चों को मैदान तक लाने के हर संभव प्रयास किए जाएं, ताकि उनका मन न भटके और वे अपने भविष्य को सुधारें और उज्जवल बनाएं। बताया कि इस टूर्नामेंट को रोचक बनाने के लिए बीच-बीच में मनोरंजन आत्मक खेलों का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने खेल प्रेमियों से आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों की हौसला अफजाई के लिए लुहणू क्रिकेट मैदान पहुंचे। खेल प्रेमियों के बैठने के लिए विशेष प्रबंध किया है।