अल्फा स्कूल बरठीं में शुरू हुआ साप्ताहिक विज्ञान मेला
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जन्मदिवस पर होगा मेले का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में अल्फा पब्लिक स्कूल बरठीं में बुधवार को साप्ताहिक विज्ञान मेले का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
प्रधानाचार्य टीडी शर्मा ने दीप जलाकर मेले का शुभारंभ किया। मेला प्रभारी शालिनी कौंडल ने विज्ञान मेले की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पाठशाला के सभी विद्यार्थी विज्ञान प्रश्नोत्तरी, विज्ञान एक्टिविटी कॉर्नर, मैथमेटिक्स ओलंपियाड व विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी में भाग ले रहे हैं। विज्ञान मेले का समापन 15 अक्तूूबर को मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जन्म दिवस पर होगा। उसदिन एक दिवसीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें तीसरी कक्षा से 12वीं के सभी विद्यार्थी भाग लेंगे। प्रधानाचार्य टीडी शर्मा ने कहा कि बच्चों में वैज्ञानिक प्रतिभा को उजागर करने के लिए विज्ञान मेले का आयोजन पाठशाला मे वर्ष 2003 से हर वर्ष किया जा रहा है। इस मौके पर प्रशासनिक प्रधानाचार्य रचना शर्मा, उप प्रधानाचार्य लता शर्मा, शालिनी, रेनू और सुनीता सहित अन्य मौजूद रहे।