मांग पूरी नहीं हुई तो प्रदेशभर में काले बिल्ले लगाकर जताएंगे विरोध
1200 से अधिक कर्मचारियों के लंबित प्रमोशन का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ ने लंबित पदोन्नतियों को लेकर बिजली बोर्ड प्रबंधन को 10 दिन का अल्टीमेट दिया है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर पदोन्नति संबंधी निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर के तकनीकी कर्मचारी काले बिल्ले लगाकर शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज करवाएंगे।
जिला बिलासपुर तकनीकी कर्मचारी संघ की ओर से जारी संयुक्त प्रेस बयान में जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार और जिला सचिव श्याम लाल ने कहा कि राज्य बिजली बोर्ड में 1200 से अधिक आईटीआई एवं नॉन-आईटीआई कर्मचारी लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे हैं। इनमें लगभग 350 नॉन-आईटीआई कर्मचारी ऐसे हैं, जिन्होंने पदोन्नति के लिए आवश्यक सभी पात्रताएं पूरी कर ली हैं। वहीं आईटीआई श्रेणी के कर्मचारी भी विभिन्न पदों पर निर्धारित कार्यकाल पूरा करने के बावजूद पदोन्नति से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि संशोधित पदोन्नति नियमों के बाद उत्पन्न ठहराव का अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। इसी कारण तकनीकी कर्मचारी संघ ने बोर्ड प्रबंधन से 10 दिनों के भीतर पदोन्नति प्रक्रिया पर ठोस निर्णय लेने की मांग की है। यदि ऐसा नहीं होता है तो प्रदेशभर के तकनीकी कर्मचारी काले बिल्ले लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
संघ ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के लगभग 30 लाख बिजली उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए कर्मचारी अपने नियमित कार्यों का बहिष्कार नहीं करेंगे तथा बिजली आपूर्ति और उपभोक्ता सेवाओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार और जिला सचिव श्याम लाल ने कहा कि तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं महामंत्री की ओर से दिए गए अल्टीमेट का जिला बिलासपुर का प्रत्येक तकनीकी कर्मचारी पूर्ण समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि आगामी रणनीति एवं प्रदेश स्तर से मिलने वाले निर्देशों के अनुसार जिला बिलासपुर का प्रत्येक तकनीकी कर्मचारी कंधे से कंधा मिलाकर संगठन के साथ खड़ा रहेगा।