- केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन करने दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी(बिलासपुर)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने गेस्ट टीचर भर्ती किए जाने का विरोध किया है। पार्टी के पदाधिकारियों ने चेताया है कि यदि युवाओं के साथ इस तरह का खिलवाड़ जारी रहा तो केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
पार्टी के राज्य सचिव भाग सिंह चौधरी, सहसचिव नरेश घई और प्रशांत मोहन ने संयुक्त बयान में कहा कि स्कूलों और कॉलेजों में गेस्ट टीचर भर्ती करने का भाकपा कड़ा विरोध करती है। चुनावों के दौरान भाजपा और कांग्रेस बेरोजगार युवाओं के लिए नए रोजगार सृजित करने का दावा करते हैं, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन वादों से पलट कर बेरोजगार युवाओं के साथ भद्दा मजाक करते हैं। जहां एक ओर केंद्र की मोदी सरकार ने बेरोजगार युवाओं के फौज में भर्ती होकर स्थायी रोजगार प्राप्त करने के सपने को तोड़कर अग्निपथ योजना लागू करके उन्हें अग्नि वीर बनने जैसे अस्थायी रोजगार का झुनझुना पकड़ा दिया, वहीं हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने अब स्कूलों और कॉलेज में पीरियड के आधार पर गेस्ट टीचर भर्ती किए जाने की योजना लागू करके बेरोजगारों के साथ भद्दा मजाक किया है। उन्होंने इस प्रकार की भर्ती योजना को निरस्त करके स्थायी रूप से अध्यापकों और अध्यापकों की पहले की तरह स्थायी भर्ती योजना लागू किए जाने की मांग की है।
उन्होंने चेताया कि यदि बेरोजगार नौजवानों के भविष्य के साथ इस प्रकार का खिलवाड़ किए जाने का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले समय में केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। पार्टी की आगामी राज्य परिषद की बैठक में इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।