पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गो-तस्कर को किया गिरफ्तार, एक फरार
-एक तमंचा, तीन कारतूस, पशु वध के औजार व वध को लाया गया पशु बरामद
भोट /रामपुर। पीलाखार नदी किनारे जंगल में गोवध की सूचना पर पुलिस द्वारा घेराबंदी के बाद मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक गो-तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान गो-तस्कर के पैर में गोली लगी है। वहीं एक आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने मौके से वध को लाया गया गोवंशीय पशु, पशु वध के औजार,एक तमंचा, और तीन कारतूस बरामद किये हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घायल आरोपी को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराकर मौके से फरार हुए गोकश की तलाश शुरू कर दी है।
सीओ केमरी ओमकार नाथ शर्मा के अनुसार, सोमवार दोपहर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र के उस्माननगर गांव के पास पीलाखार नदी के किनारे जंगल में कुछ लोग गोवंशीय पशु का वध करने की तैयारी कर रहे हैं। गोवंशीय पशु के वध की सूचना पर थाना पुलिस एक्टिव हो गई व भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र की घेराबंदी कर ली। अपने आप को पुलिस टीम से घिरता देख जंगल में मौजूद पशु का वध कर रहे बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग होते देख पुलिस बल ने भी जंगल में मौजूद पेड़ की आड़ लेते हुए जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद अचानक फायरिंग रूक गयी तो पुलिस ने जंगल में कांबिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस टीम ने जंगल में घायल अवस्था में थाना क्षेत्र के ही किसरोल गांव निवासी सगीर को गिरफ्तार कर लिया तथा मौके से 315 बोर का एक तमंचा, दो खोखा कारतूस 315 बोर, 03 जिन्दा कारतूस 315 बोर और वध को लाया गया एक गोवंश बछड़ा तथा पशु वध करने के उपकरण बरामद कर लिए। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार किए आरोपी सगीर ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी गांव निवासी बब्बू के साथ उक्त पशु का वध करने के लिए ही जंगल में आये थे। वहीं, पुलिस अभिलेखों के अनुसार, सगीर के खिलाफ विभिन्न थानों में सीएस एक्ट के व गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज हैं। वहीं, बब्बू के खिलाफ सीएस, आर्म एक्ट समेत तीन मुकदमे व गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज है।