संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा बिलासपुर कार्यालय में 17 व 18 नवंबर को सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक शास्त्री अध्यापकों के पदों के लिए काउंसलिंग की जाएगी। यह पद शास्त्री अध्यापकों के लिए तय नियमों के अनुसार पूरी तरह से एनसीटीई मानदंडों और समय-समय पर जारी दिशानिर्देशों के अनुसार मौजूदा आरएंडपी नियमों के आधार फिक्स 21360 रुपये मासिक पर की जाएगी।
उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा बीडी शर्मा ने कहा कि शास्त्री अध्यापक की काउंसलिंग के लिए जिले के सभी रोजगार कार्यालयों से सभी श्रेणियों के बैच 31 दिसंबर 2022 तक पात्र अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र प्रेषित किए जा चुके हैं। यदि किसी अभ्यर्थी को बुलावा पत्र प्राप्त नहीं होता है और वह शास्त्री अध्यापकों के लिए निर्धारित नियमों को पूरा करता है तो वह भी 18 नवंबर सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं। बिलासपुर से संबंधित अभ्यर्थी हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों में से किसी भी जिले में नियुक्ति पाने के लिए पात्र हैं। उन्हें काउंसलिंग के समय पर ही अन्य किसी भी जिले में नियुक्ति लेने के लिए कमवार सभी जिलों के लिए प्राथमिकता दे सकते हैं। पात्र अभ्यर्थी अपने समस्त दस्तावेजों की मूल एवं सत्यापित प्रतियां काउंसलिंग के दिन अपने साथ लाना सुनिश्चित करें। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के दिन ही सभी वांछित प्रमाण पत्र/ दस्तावेज जमा करवाने होंगे। किसी भी सूरत में किसी भी अभ्यर्थी को बाद में दस्तावेज / प्रमाणपत्र जमा करवाने के लिए कोई भी अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा।