बिलासपुर। रोटरी क्लब बिलासपुर ने कोरोना योद्धाओं को सम्मानित करने का अभियान चलाया है। इसी अभियान की कड़ी में रोटरी क्लब ने वीरवार को नगर परिषद बिलासपुर के करीब 30 सफाई कर्मियों और करीब 20 अन्य कर्मचारियों को फूलों के हार पहना कर सम्मानित किया । उन्हें सफाई कार्य में प्रयुक्त होने वाले विशेष दस्ताने, सैनिटाइजर और फेस मास्क भी भेंट किए।
नगर परिषद के सभागार में हुए इस सम्मान कार्यक्रम की अध्यक्षता रोटरी क्लब के प्रधान टीसी सैणी ने की, जबकि नगर परिषद बिलासपुर के कार्यकारी अधिकारी अशोक शर्मा कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। अपने संबोधन में मुख्यातिथि अशोक शर्मा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम कोरोना योद्धाओं का मनोबल बढ़ाते हैं और सफाई कर्मचारियों का सम्मान करने के लिए वे रोटरी क्लब को साधुवाद देते हैं। वहीं रोटरी क्लब के प्रधान टीसी सैणी ने कहा कि कोरोना काल में भी ये सफाई कर्मचारी बिना डरे और पूरी तन्मयता से बिलासपुर शहर की सड़कों, गलियों और नालियों की सफाई में डटे रहे। इन्हीं की बदौलत बिलासपुर शहर साफ-सुथरा नजर आता है। इसीलिए इनका सम्मान करने का निर्णय रोटरी कलब ने लिया।
उन्होंने बताया कि देश की महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से निजात दिलाने के लिए रोटरी क्लब का अभियान शुरू हो चुका है। इस अभियान के तहत 9-14 वर्ष की लड़कियों और 14-26 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर की वैक्सीन दी जाएगी। एक बार वैक्सीन देने के 6 माह बाद वैक्सीन की दूसरी खुराक दी जाएगी। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग और केंद्र सरकार की मदद ली जाएगी। इस कार्यक्रम में रोटरी क्लब के महासचिव एनआर शर्मा, वित्त सचिव जगमोहन, पूर्व प्रधान डॉ. टीडी टंडन, नगर पार्षद नरेंद्र पंडित, विनोद कौशल, सीएल गुप्ता, रजनीश शर्मा, रमेश गुप्ता, बिनता गुप्ता, सुनीत गुप्ता, दिनेश शर्मा, अश्विनी वात्स्यायन, रमेश शर्मा, जेपी सिंह, संजय सैणी और शेखर अग्रवाल भी मौजूद रहे।