बिलासपुर। जिले में शुक्रवार को 314 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। 60 वरिष्ठ नागरिकों और 45 से 59 वर्ष तक आयु के 254 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। वहीं 18-44 आयु वर्ग के लोगों को मिलाकर अभी तक जिले में अब तक 1,41,069 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। यह आंकड़े पहली और दूसरी दोनों डोज के हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश दडोच ने बताया कि 45 आयु से अधिक आयु के लोगों का कोविड-19 टीकाकरण पहले क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में किया जा रहा था, अब उपायुक्त रोहित जम्वाल के दिशा-निर्देशानुसार राजकीय प्राथमिक पाठशाला चंगर में किया जा रहा है। वहीं नागरिक चिकित्सालयों में हर मंगलवार, शुक्रवार, शनिवार व विकल्प के तौर पर रविवार को टीके लगाए जा रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हर मंगलवार, शुक्रवार व शनिवार को टीके लगाए जा रहे हैं। प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी हर मंगलवार व शुक्रवार को टीकाकरण हो रहा है। जिले के उपस्वास्थ्य केंद्रों में भी प्रत्येक सोमवार व वीरवार को टीकाकरण किया जा रहा है। अब सभी आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी टीकाकरण हर बुधवार को हो रहा है।