कॉलेज चौक पर लगे नाके में बाहरी राज्यों को जा रही गाड़ियों की परमिशन चेक करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : BILASPUR
स्वारघाट (बिलासपुर)। बिलासपुर के लिए मंगलवार का दिन राहत भरा रहा। बिलासपुर, स्वारघाट, नयना देवी से कोरोना जांच के लिए भेजे गए सभी सैंपल निगेटिव आए हैं।
उधर, लॉकडाउन के बावजूद बड़ी संख्या में लोग लक्ष्मण रेखा लांघ रहे हैं। रविवार और सोमवार की अपेक्षा मंगलवार के दिन स्वारघाट बाजार में काफी चहल-पहल रही है। रविवार के दिन स्वारघाट और नयना देवी में दो टैक्सी चालकों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की खबर के बाद लोगों में भय का माहौल देखने को मिला था। सोमवार देर रात स्वारघाट व नयना देवी के क्वारंटीन केंद्रों में रखे गए 23 लोगों और बिलासपुर से 5 लोगों के कोरोना सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आने से मंगलवार का दिन जिला के लिए राहत भरा रहा है।
गत शनिवार देर रात स्वारघाट और नयना देवी में क्वारंटीन केंद्रों में रखे गए गुजरात और दिल्ली के दो टैक्सी चालक कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। जिसके बाद रविवार और सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम ने इन दोनों क्वारंटीन केंद्रों में रखे गए 23 लोगों के कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए थे और जांच के लिए इन सैंपलों को आईजीएमसी शिमला भेजा गया था। सोमवार देर रात इन सभी 23 लोगों के सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, बिलासपुर से भेजे गए 5 सैंपल की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। नोडल अधिकारी एवं तहसीलदार स्वारघाट हुसन चंद ने बताया कि स्वारघाट और नयना देवी क्वारंटीन केंद्रों से लिए गए 23 कोरोना सैंपल निगेटिव पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से नयना देवी के मातृ आंचल भवन को कोविड-केयर सेंटर बनाया गया है।