बिलासपुर। जिले में सोमवार को कोरोना के 12 नए पॉजिटिव मामले आए हैं। इनमें चार संक्रमित सदर विस क्षेत्र से, दो घुमारवीं और एक झंडूता से है। वहीं जिला में अब कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 424 पहुंच गया है। 265 लोग अभी तक स्वस्थ हो चुके हैं। संक्रमितों को नियमानुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा आइसोलेट किया जा रहा है।
सीएमओ बिलासपुर डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि संक्रमितों में तीन बिलासपुर के डियारा सेक्टर से हैं। ये कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। वहीं एक सदर विस क्षेत्र के जमथल गांव का है। जो अस्पताल की फ्लू ओपीडी में पॉजिटिव पाया गया है। दो संक्रमित विस क्षेत्र घुुमारवीं से हैं। इनमें से एक सनौर गांव व दूसरा मझेड़वा से है। दोनों कोरोना संक्रमित के संपर्क में आने से पॉजिटिव हुए हैं। वहीं एक अन्य झंडूता विस क्षेत्र के जांगला गांव से है। यह 30 अगस्त को दिल्ली से आया था। उन्होंने बताया कि सभी गृह संगरोध में थे। जमथल का युवक संगरोध में नहीं था।
सीएमओ ने बताया कि रविवार को जिले के श्री नयना देवी, सदर और घुमारवीं में जिन स्थानों पर कोरोना संक्रमित आए थे। वहां पर प्रशासन द्वारा कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिए गए हैं। घुमारवीं उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोठी में एक व्यक्ति के करोना संक्रमित होने पर प्रशासन द्वारा एहतियातन ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर 9 में कंटेनमेंट जोन तथा बफर जोन बनाए गए हैं। वार्ड नंबर 9 में अभिलाष के घर की 200 मीटर परिधि के क्षेत्र को कंटेनमेंट एरिया घोषित किया गया है जबकि वार्ड नंबर 9 के अन्य क्षेत्र को बफर जोन बनाया गया। वहीं सदर विस क्षेत्र के नम्होल के वार्ड नंबर दो में कुछ घर व फटोह पंचायत के वार्ड नंबर 8 को भी कंटेनमेंट जोन में शामिल किया गया है।