बिलासपुर। रैपिड एंटीजन टेस्ट से बिलासपुर के अस्पतालों में 193 लोगों के सैंपल लिए गए। इनमें से 11 की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा आईजीएमसी भेजे सैंपल में से 5 कोरोना संक्रमित निकले हैं। जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 531 पहुंच गया है। संक्रमितों को कोविड के नियमों के अनुसार आईसोलेट किया जा रहा है।
सीएमओ बिलासपुर डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि सीएमओ कार्यालय के 37 वर्षीय, रौड़ा सेटर के 67 वर्षीय, कजैल झंडूता के 61 और 64 वर्षीय, कंदरौर की 45 वर्षीय महिला, बंदला का 43 वर्षीय व्यक्ति, सोलग की 43 वर्षीय महिला, बंदला की 70 वर्षीय महिला, कंदरौर की 50 वर्षीय महिला, रैली निहान की 40 वर्षीय महिला और 15 वर्षीय किशोर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। श्री नयना देवी जी के गरा गांव का 33 वर्षीय युवक, जकातखाना के रौना गांव का 25 वर्षीय युवक, टाली पंचायत का 17 वर्षीय किशोर और 45 वर्षीय व्यक्ति, जुखाला के आशा मजारी का 65 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव हुए हैं। उन्होंने कहा कि सभी को नियमानुसार आईसोलेट किया जा रहा है।
बताते चलें कि सोमवार को कोविड केयर केंद्र में ड्यूटी पर तैनात एक मिडवाइफ की अचानक तबीयत खराब हो गई। उक्त कर्मी चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़ी। बताया जा रहा है कि कोविड केयर केंद्र में पहले भी इस महिला कर्मी की तबीयत खराब हो चुकी है। सोमवार को जब इसकी तबियत खराब हुई तो इसे स्वास्थ्य विभाग उसे जिला अस्पताल लाया। अब उसकी तबीयत में सुधार बताया जा रहा है। सीएमओ डॉ. दड़ोच ने बताया कि कर्मी को पेंसलीन से एलर्जी है। उसने सोमवार को अमोक्सीसिलीन कैप्सूल खा लिया। पेंसलीन और अमोक्सीसिलीन दोनों एक ही ग्रुप के हैं, जिस कारण इसकी तबीयत खराब हुई। कोरोना पॉजिटिव आने से स्वारघाट उपमंडल के अंतर्गत गांव गरा में 13 घरों को कंटनेमेंट जोन बनाया गया। इसके अलावा 13 घरों समेत एक ढाबे और गरामोड़ के चेकपोस्ट को बफर जोन में शामिल किया गया।