डिजिटल न चलाएं
शेयर धारकों ने लगाए गड़बड़ी के आरोप, जांच की मांग उठाई
छत ग्राम सेवा सहकारी सभा की चुनावी प्रक्रिया पर उठने लगे सवाल
निर्धारित समय सीमा के भीतर दर्ज की गई शिकायतों पर नहीं हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। छत ग्राम सेवा सहकारी सभा सीमित की चल रही चुनावी प्रक्रिया पर शेयर धारकों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सभा के कुछ कर्मचारी और कार्यकारिणी सदस्य मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाकर चुनाव परिणाम को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
सभा के पूर्व उप प्रधान बलवीर सिंह ठाकुर सहित अन्य शेयर धारकों ने कहा कि मतदाता सूची तैयार करते समय अधिकारियों ने सभी नियम-कानूनों की अनदेखी की है। जिन लोगों ने 500 रुपये देकर अपने शेयर सभा से लिए थे, ऐसे करीब 60 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर दर्ज की गई शिकायतों पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। बताया कि मतदाता सूची में गड़बड़ी और शिकायतों को न सुने जाने से भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने सहकारी सभाएं बिलासपुर से चुनाव प्रक्रिया की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
बताते चलें कि छत ग्राम सेवा सहकारी सभा की कार्यकारिणी के चुनाव 25 नवंबर को होने हैं। सहकारी सभाओं के सहायक पंजीयक बिलासपुर के अनुमोदन के बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके तहत सभा सचिव हरपाल शर्मा को चुनाव पंजीयन अधिकारी और विजय कुमार, निरीक्षक सहकारी सभाएं घुमारवीं को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सभा का चुनाव 11 वार्डों अंदरोली, संडयार, स्योथा, छत, हिम्मर लुरहानी, चलारन, कपाहड़ा, समलोहल, कल्लर, डून और कोटलु ब्राह्मणा के आधार पर होगा। हाल ही में जारी मतदाता सूची में करीब 60 लोगों के नाम गायब बताए जा रहे हैं। इन सभी ने 500-500 रुपये का शेयर जमा कर रखा है, फिर भी उन्हें मतदान से वंचित किया गया है। इन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इन मतदाताओं के नाम तुरंत सूची में जोड़े जाएं ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सभा सचिव और प्रशासन की होगी।
कोट
जिन लोगों के नाम सूची में नहीं हैं, वे अपनी आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि शिकायतों पर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है और सभी वैध दावों की जांच की जा रही है।
हरपाल शर्मा,सभा सचिव