चार किलोमीटर सड़क से क्षेत्र के 700 लोग होंगे लाभान्वित
प्रधानमंत्री सड़क योजना में मिली मंजूरी, शीघ्र शुरू होगा कार्य
तरूणेश शर्मा
नयना देवी जी (बिलासपुर)। उपमंडल श्री नयना देवी जी के तहत भटेड़ से कनफारा को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण कार्य अब जल्द शुरू होने जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनने वाली इस सड़क पर करीब 4.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। चार किलोमीटर लंबी इस सड़क के तैयार होने से क्षेत्र के लगभग 700 लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और कई गांव पहली बार पक्की सड़क संपर्क से पूरी तरह जुड़ जाएंगे।
सड़क का चौथा चरण अंतिम प्रक्रिया में है और कार्य अवार्ड किया जा चुका है। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अच्छर सिंह चौहान ने बताया कि औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और एक-दो दिन में निर्माण कार्य धरातल पर शुरू कर दिया जाएगा। सड़क निर्माण से क्षेत्र के लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी में बड़ा बदलाव आएगा। अब तक खराब या कच्चे रास्तों से जूझ रहे ग्रामीणों को बेहतर आवाजाही की सुविधा मिलेगी। इससे न केवल परिवहन आसान होगा बल्कि मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, बच्चों की स्कूल तक पहुंच और किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने में भी सहूलियत होगी। परियोजना में गुणवत्ता बनाए रखने के लिए रखरखाव का भी विशेष प्रावधान किया गया है। सड़क निर्माण के बाद पांच वर्षों तक इसका रखरखाव संबंधित ठेकेदार की ओर किया जाएगा, जिसके लिए करीब 50 लाख रुपये अलग से निर्धारित किए गए हैं। स्थानीय विधायक रणधीर शर्मा ने सड़क निर्माण के लिए राशि स्वीकृत करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि यह मार्ग वोट घाट क्षेत्र के लिए भी एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा। भटेड़-कनफारा सड़क बनने से जहां विकास कार्यों को गति मिलेगी, वहीं लोगों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा। लंबे समय से इस सड़क की मांग कर रहे ग्रामीणों को अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। संवाद