- लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर झंडूता में कांग्रेस ने की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता ब्लॉक कांग्रेस द्वारा संगठन को और मजबूत करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। कांग्रेस की ओर से आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर भी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। ताकि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत हो सके।
इसी कड़ी के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी झंडूता की बैठक का आयोजन विश्राम गृह कलोल में किया गया। इसकी अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश चंदेल ने की। इस दौरान संगठन और आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस महासचिव विवेक कुमार ने विशेष रूप से शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से हमेशा ही विकास को प्राथमिकता दी गई है। वहीं, झंडूता क्षेत्र में भी विकास कार्य जारी हैं। ताकि आम जनता को सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान भाजपा की जनविरोधी नीतियों से परेशान होकर जनता का आशीर्वाद कांग्रेस पार्टी को मिला है। कांग्रेस की ओर से आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वहीं, केंद्र सरकार की ओर से आम जनता के हितों की अनदेखी की जा रही है। साथ ही केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली से जनता परेशान है। इसका जवाब प्रदेश की जनता लोकसभा चुनावों में देगी।
विवेक कुमार ने कहा कि भाजपा के पास कोई भी मुद्दा नहीं होने से अब भाजपा नेता बिना सत्ता के बौखलाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में बेहतर कार्य किया है। वहीं, साथ ही प्रदेश के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन की सुविधा प्रदान की है। इसके अलावा अन्य योजनाएं भी चलाई गई हैं। ताकि आम जनता को सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों में प्रदेश की जनता का आशीर्वाद कांग्रेस पार्टी को मिलेगा। इस दौरान अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।