- सुन्हाणी में संकल्प यात्रा के तहत कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता विधानसभा क्षेत्र में विकसित भारत संकल्प पदयात्रा के तहत सोमवार को सुन्हाणी पंचायत के डूहक, ठाकुरद्वारा मंदिर और मन्हण में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस मौके पर विधायक जीतराम कटवाल ने कहा कि मोदी सरकार का 10 साल का कार्यकाल ऐतिहासिक रहा है। इस अवधि में केंद्र सरकार ने जहां कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं, वहीं हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर कई महत्वाकांक्षी और जनकल्याणकारी योजनाएं भी शुरू कीं। मोदी सरकार की ओर से बजट का मुख और विकास का रुख गांवों की ओर मोड़ने से ही झंडूता में बागछाल पुल बन पाया है, जो हिमाचल के प्रवेश द्वार के रूप में पहचाना जाएगा। इसके विपरीत कांग्रेस सरकार ने सवा साल में इस क्षेत्र में विकास का कोई नया काम करना तो दूर, भाजपा सरकार के समय जनहित में खोले गए कई संस्थान बंद कर दिए। चुनाव के समय दी गई गारंटियां आज तक पूरी नहीं हो पाई हैं। अब लोकसभा की चुनावी बेला में आचार संहिता लागू होने से ठीक पहले आधे-अधूरे कार्यों का उद्घाटन करके इस सरकार ने एक बार फिर से लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया है, लेकिन अब उसकी दाल गलने वाली नहीं है। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश भी दिए।