गलत नीतियों और वित्तीय कुप्रबंधन से हिमाचल को आर्थिक कंगाली की ओर धकेला
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने दावा किया कि मौजूदा हालात में कांग्रेस सरकार ज्यादा दिन तक नहीं चल पाएगी। उन्होंने कहा कि गलत नीतियों और वित्तीय कुप्रबंधन का खामियाजा आज आम जनता भुगत रही है और प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है।
पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग सिल्ह में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं और लोगों को संबोधित कर रहे थे। गर्ग ने कहा कि कर्मचारियों के डीए और पेंशन पर संकट मंडरा रहा है। सहारा पेंशन और हिमकेयर जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं बंद हो चुकी हैं, जिससे सब्सिडी पर भी कैंची चल गई है। इसका सीधा असर गरीब, बुजुर्ग और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। यदि समय रहते ठोस और जिम्मेदार फैसले नहीं लिए गए, तो हिमाचल गंभीर आर्थिक संकट में फंस सकता है। अब तो स्वयं वित्त विभाग और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी प्रदेश की खराब आर्थिक हालत स्वीकार कर चुके हैं, जो सरकार की नाकामी को साफ दर्शाता है। कांग्रेस ने सत्ता में आने के लिए लोकलुभावन घोषणाएं तो की और झूठी गारंटियां दीं, लेकिन आर्थिक संतुलन बनाए रखने पर कोई ध्यान नहीं दिया। शुरुआत से ही जिम्मेदारी के साथ निर्णय लिए जाते, तो आज जनता को इस तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल ठोस रोडमैप तैयार करे, फिजूलखर्ची पर रोक लगाए और प्रदेश की आर्थिक स्थिति पटरी पर लाने के लिए प्रभावी कदम उठाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और हिमाचल को आने वाले समय में बड़े आर्थिक संकट से बचाया जा सके। इस मौके पर सुरेश ठाकुर,रामगोपाल,महेंद्र पाल रतवान, कर्म चंद,रवि शर्मा,आशा ठाकुर,निशा शर्मा, भावना पठानिया, नरेश बब्बीं, जगदीश चंद्र,नंद लाल और रामपाल सहित अन्य उपस्थित रहे।