शाहतलाई में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेता। स्रोत: कांग्रेस
कांग्रेस नेता बोले, 25 से 30 हजार लोगों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। शाहतलाई में उप तहसील कार्यालय खोलने की घोषणा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया। इस घोषणा से क्षेत्र की दस पंचायतों के करीब 25 से 30 हजार लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा, जिन्हें अब राजस्व व प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर-दराज के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
शाहतलाई में आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व पीसीसी सदस्य मानेंद्र सिंह चंदेल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं नगर पंचायत तलाई के पूर्व अध्यक्ष पृथ्वी चंद धीमान ने कहा कि उप तहसील खुलने से आम लोगों के समय और धन की बचत होगी और क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी। कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र के लिए की गई अन्य महत्वपूर्ण घोषणाओं का भी स्वागत किया। उन्होंने बताया कि बरठीं, गेहड़वीं और झंडूता की वरिष्ठ पाठशालाओं को सीबीएसई बोर्ड से जोड़ने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कलोल को अपग्रेड करने और दसलेहड़ा व मल्होट में सहकारी बैंक की शाखाएं खोलने की घोषणा से शिक्षा, स्वास्थ्य और बैंकिंग सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। इसके अलावा शाहतलाई में निर्माणाधीन सीवरेज परियोजना के लिए 25 करोड़ रुपये और चरण गंगा के सौंदर्यीकरण के लिए 1 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने पर भी मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता विवेक कुमार का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया गया। नेताओं ने कहा कि इन योजनाओं से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।