भराड़ी(बिलासपुर)। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना जैसे संकट में पीएम मोदी ने एक सशक्त नेतृत्व करते हुए देश को बहुत बड़े नुकसान से बचा लिया। आज पूरी दुनिया वायरस से लड़ रही है। सीएम ने वीरवार को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के भराड़ी में 13 योजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन किए।
सीएम ने कहा कि कांग्रेस के लोग अपनी पार्टी को ही लूटने से नहीं रुकते हैं तो आम जनता को लूटने से क्या रुकेंगे। उन्होंने कहा कि मैं जमीन से जुड़ा व्यक्ति हूं, खुद हल जोता है, खुद खेतों में कार्य किया है। किसानों के दर्द को समझता हूं। किसानों की जरूरतों को जनता हूं और किसानों व आम लोगों के हितों के लिए सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के बाद भी आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मोदी ने हर प्रदेश के लिए जरूरी दिशा निर्देश जारी कर आम जनता के लिए कदम उठाए। प्रधानमंत्री इस आपदा की घड़ी में दिन-रात काम करते रहे। वेंटिलेटर व पीपीई किट भारत में निर्मित करने के आदेश जारी कर लोगों की जिंदगियों को बचाने के लिए कदम उठाए।
सीएम ने कहा कि कोरोना काल में कांग्रेस के मित्र ऐसे सलाह देते रहे, जैसे इन लोगों ने दशकों तक कोरोना से लड़ने का अनुभव ले रखा हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब प्रदेश की सरकार बाहर फंसे हिमाचलियों को लाने का कम कर रही थी तो कांग्रेस के लोग आधारहीन बयानबाजी कर आम जनता को गुमराह करते रहे। जब हिमाचलियों को लाने के लिए बसें रवाना कीं तो कांग्रेस के लोग कहने लगे कि हिमाचल के लोगों को बाहर से लाकर यहां के लोगों को संकट में डाला जा रहा है।