विशेष अभियान 6.0 के तहत हर सप्ताह दो घंटे श्रमदान करने का संकल्प
100 लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का किया आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एम्स बिलासपुर में विशेष अभियान 6.0 के तहत स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्वच्छता के प्रति सजग रहने, अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
शपथ के दौरान हर वर्ष 100 घंटे यानी प्रत्येक सप्ताह दो घंटे श्रमदान करने का संकल्प लिया गया। साथ ही अपने घर, परिवार, मोहल्ले और कार्यस्थल को स्वच्छ रखने तथा गंदगी फैलाने से बचने पर जोर दिया गया। लोगों से दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में स्वच्छता के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। इसके तहत प्रत्येक व्यक्ति से 100 अन्य लोगों को स्वच्छता का संकल्प दिलाने और उन्हें हर वर्ष 100 घंटे श्रमदान के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। साथ ही गांव-गांव और गली-गली स्वच्छ भारत मिशन का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
इस पहल के माध्यम से बताया गया कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। विशेष अभियान 6.0 का उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सामूहिक प्रयासों से स्वच्छ वातावरण तैयार करने के लिए प्रेरित करना है।