श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। देश में 72वां सेना दिवस मनाया गया। वहीं शहीद विजय के पिता रणजीत सिंह गांव उटपर विधानसभा क्षेत्र श्री नयनादेवी जी ने नम आंखों से अपने बेटे की शहादत के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने वादा किया था कि उनके शहीद बेटे के नाम पर रावमापा उटपर का नाम रखा जाएगा और गांव में शहीदी गेट बनेगा। लेकिन यह सब बातें करके सरकार के प्रतिनिधि भूल गए।
कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में आतंकी मुठभेड़ में श्री नयनादेवी जी के जवान विजय कुमार साल 2018 में शहीद हुए थे। शहीद के घर तक सड़क का निर्माण किया जाना है, उसका कार्य तो शुरू हुआ लेकिन सिर्फ बजरी ही डाली गई है। कार्य अधूरा पड़ा है। ढाई साल पहले सरकार ने जो वादे किए थे उनमें से कुछ वादे तो पूरे हो गए, लेकिन कुछ अभी भी अधूरे हैं। इसकी दास्तां उनके पिता ने नम आंखों से सुनाई। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार ने घोषणा की थी कि उटपर स्कूल का नाम शहीद विजय के नाम पर रखा जाएगा। इसके अलावा शहीदी गेट भी बनेगा। लेकिन घोषणा आज तक पूरी नहीं हो पाई है।