बिलासपुर। जिला अधिवक्ता संघ बिलासपुर का वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र कुमार हांडा की संदेहास्पद परिस्थितियों में कोविड सेंटर आईजीएमसी में हुई मौत पर अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण क्रमिक धरना प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। तीसरे दिन धर्मेंद्र रावत, राजेश भारद्वाज, अनिल शर्मा, नीरज वासु, कमल कौंडल धरने पर बैठे। वहीं जिला इकाई लघु किसान मंच बिलासपुर, जिला बिलासपुर कलाकार संघ, जिला इकाई आर्ट ऑफ लिविंग व जिला बिलासपुर मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन का इस प्रदर्शन को समर्थन मिला है। तीसरे दिन अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपना संकल्प दोहराया कि जब तक प्रदेश सरकार इस मामले की न्यायिक जांच के आदेश नहीं देती है तब तक यह क्रमिक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
जिला अधिवक्ता संघ बिलासपुर के तत्वावधान में संघर्ष समिति का गठन किया गया है। इस समिति ने अन्य जिला और सब डिवीजन अधिवक्ता संघों को इस संघर्ष में सहयोग करने का अनुरोध भेजा है। इसके सकारात्मक परिणाम आने लगे हैं। इस आंदोलन को अब कई अन्य संस्थाओं का सहयोग मिल रहा है। इस मौके पर संघर्ष समिति के अध्यक्ष अधिवक्ता दौलत राम शर्मा, संयोजक तेजस्वी शर्मा, मनोनीत सदस्त भगत सिंह वर्मा, अश्वनी वात्सायन, जिला महासचिव आदित्य मोहन कश्यप, रजनीश शर्मा, पूजा डोगरा सहित अन्यों ने मांग को लेकर नारेबाजी की।