बरठीं (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता की ग्राम पंचायत सुन्हाणी में एक आधुनिक पार्क बनाया जाएगा। पार्क सुन्हाणी सीर खड्ड किनारे बनेगा। विकास खंड झंडूता की टीम ने क्षेत्र का दौरा कर पार्क बनाने के लिए हरी झंडी दे दी है। इसका कार्य भी पंचायत ने शुरू कर दिया है।
एसडीएम विकास शर्मा, खंड विकास अधिकारी धर्मपाल के साथ कनिष्ठ अभियंता राजकुमार, विरेंद्र, राजेश शर्मा, पंचायत प्रधान कुसुम लता, उपप्रधान राजेश महाजन, सचिव राजेंद्र कुमार व व्यापार मंडल के प्रधान प्रकाश वर्मा सहित अन्य सदस्यों ने भूमि का चयन किया था। इससे पहले भी पर्यटन की दृष्टि से सुन्हाणी में पार्क बनाने के लिए योजना बनाई गई थी। लेकिन बात सिरे नहीं चढ़ पाई थी। लेकिन अब विकास खंड अधिकारी और पंचायत के सहयोग से पार्क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। खड्ड किनारे बनने वाले पार्क के लिए भूमि को समतल करने का कार्य शुरू हो गया है। खंड विकास अधिकारी धर्मपाल ने बताया कि आधुनिक पार्क बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत इस पार्क को बनाने के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। आधुनिक सुविधाओं से पार्क को लैस किया जाएगा। उधर, ग्राम पंचायत सुन्हाणी की पंचायत प्रधान कुसुम लता और सचिव राजेंद्र कुमार ने बताया कि मेला ग्राउंड और खड्ड के रमणीक स्थल पर पार्क बनाया जा रहा है। भूमि को समतल करने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। जल्दी ही पार्क बनकर ग्रामीणों को समर्पित कर दिया जाएगा।