बिलासपुर। लोनिवि में सेवानिवृत्त हो चुके कर्मचारियों को सेवा विस्तार देने के मामले में अभियंताओं ने मंगलवार को काले बिल्ले लगाकर रोष प्रदर्शन किया। सरकार ने इस निर्णय को वापस नहीं लिया तो 15 दिसंबर को 9 से 5 बजे तक मोबाइल बंद रखेंगे।
हिमाचल प्रदेश कनिष्ठ अभियंता संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि बिलासपुर में रोष स्वरूप सभी अभियंताओं ने सरकार के निर्णय का विरोध किया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस निर्णय को वापस नहीं लिया गया तो आगामी 15 दिसंबर को सभी कनिष्ठ अभियंता 9 से 5 बजे तक अपने मोबाइल बंद रखेंगे। उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों को एक्सटेंशन दी जा रही है। जबकि सैकड़ों कर्मचारी पदोन्नति की आस लगाए बैठे हैं। सरकार अपने चहेतों को सेवा विस्तार देकर अन्य कर्मचारियों के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में एक सेवानिवृत्त सहायक अभियंता डाडासीबा मंडल कोटला बेहार जिला कांगड़ा को 3 दिसंबर 2020 से 2 मई 2021 तक सेवा विस्तार दिया गया हैं, जोकि सरासर गलत है।
राजीव कुमार ने बताया कि पीडब्ल्यूडी में सहायक अभियंता के 24 पद और अधिशाषी अभियंता के 8 पद रिक्त पड़े हैं। पदोन्नति की फाइलें सचिव पीडब्ल्यूडी के कार्यालय में कई महीनों से धूल फांक रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव पीडब्ल्यूडी से मांग की है कि सेवा विस्तार के निर्णय को वापस लिया जाए। इस अवसर पर संघ के जिलाध्यक्ष अनूप गौतम, ई. दिनेश गुप्ता, नंदलाल कौंडल, दिनेश चंदेल, बीडी कुरैशी, प्रेम लाल, संजय कुमार, इंद्रपाल, स्वाति चंदेल, विजय कुमार, कंवर अभिषेक, भूषण गुप्ता आदि मौजूद रहे।