घुमारवीं उपमंडल की संपर्क सड़क टारिंग का काम अभी खत्म नहीं हुआ कि उखड़ना भी शुरू ही गई।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। घुमारवीं उपमंडल की घुमारवीं-बरठीं वाया सुन्हाणी तीन किलोमीटर सड़क पर टारिंग की जा रही है। कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन टारिंग उखड़नी शुरू हो गई है। सड़क के काम को शुरू हुए अभी दो हफ्ते भी नहीं हुए है। लोगों का कहना है कि कार्य की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
लोगों का कहना है कि टारिंग का कार्य दोबारा किया गया था। लेकिन फिर से उखड़ गई है। इससे लोगों में विभाग के प्रति रोष है। बताया जा रहा है कि 35 लाख से 3 किलोमीटर सड़क की टारिंग का कार्य किया जा रहा है। विभाग का कहना कि मौसम टारिंग के अनुकूल नहीं है। लोगों ने कहा कि विभाग को मौसम को देखकर ही सड़क का काम शुरू करना चाहिए था। बता दें कि गांव करंगोड़ा से घुमारवीं पुल तक तीन किलोमीटर सड़क की हालत बहुत खस्ता हो चुकी थी। कुछ दिन पहले ही टारिंग का कार्य शुरू किया गया है। सड़क का काम अभी पूरा भी नहीं हुआ था कि सड़क में गड्ढे पड़ने शुरू हो गए हैं।
स्थानीय लोगों धीरज धर्माणी, प्रदीप चंदेल, कुलवंत, मनोज कुमार, सुनील, कुलदीप, बाबू राम ने कहा कि काम की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कहा कि अगर सड़क की टारिंग ठीक से नहीं की गई तो इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों, राज्यपाल और मुख्यमंत्री से की जाएगी।
वहीं एक्सईएन लोक निर्माण विभाग घुमारवीं दीपक कपिल ने कहा कि आजकल टारिंग के लिए मौसम ठीक नहीं है। इस कारण टारिंग उखड़ रही है। अब काम भी बंद कर दिया गया है। बची सड़क का काम फरवरी के बाद किया जाएगा।