घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं बस अड्डे को एनएच-103 से जाने वाली सड़क किनारे फुटपाथ बनाने की घोषणा खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने दो साल पहले की थी। मंत्री ने पांच लाख रुपये देने की बात कही थी। लेकिन फुटपाथ घोषणा तक ही सीमित रहा।
लोक निर्माण विभाग ने सड़क के एक तरफ फुटपाथ बनाकर अपना पल्ला झाड़ लिया है। स्थानीय दुकानदारों ने संबंधित विभाग और विधायक से इस समस्या को उठाया था। विधायक ने इस समस्या का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया था। कहा था कि इसके निर्माण के लिए बजट का प्रावधान कर दिया जाएगा। पांच लाख रुपये देने की घोषणा करने के बाद कार्य अभी तक आगे नहीं बढ़ा है।
बताते चलें कि फुटपाथ उस समय से प्रस्तावित है जब बस अड्डा घुमारवीं का निर्माण कार्य चल रहा था। उस समय पूर्व सीपीएस राजेश धर्माणी ने लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन को निर्देश दिए थे तथा पैसा मंजूर करवा दिया था। लगभग 26 लाख रुपये की लागत से एक तरफ नालियों पर लोहे के ग्रिल बनाकर रख दिए हैं।
स्थानीय दुकानदारों विनोद कुमार, राकेश टबू, मनजीत ठाकुर, प्रदीप गुप्ता, दलेल सिंह, विशाल सोनी, रवि शर्मा और पूर्व भाजपा शहरी इकाई अध्यक्ष नरेश शर्मा ने इस समस्या को स्थानीय विधायक के समक्ष रखा था। विधायक के आश्वासन के बाद भी काम शुरू नहीं हो पाया है। इससे स्थानीय दुकानदारों को रोष है। इनका कहना है कि कई बार इस समस्या के बारे में स्थानीय प्रशासन को अवगत करवाया गया, लेकिन नतीजा कुछ भी नहीं निकला। स्थानीय विधायक राजेंद्र गर्ग ने कहा कि फुटपाथ की समस्या से अवगत हैं। स्थानीय दुकानदारों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भी फुटपाथ की समस्या के बारे में अवगत करवाया था। पांच लाख रुपये स्वीकृत कर दिए गए हैं। शीघ्र कार्य करवा दिया जाएगा।