बिलासपुर में रविवार को सरकारी आदेश के बाद बंद पड़ी गुरुद्वारा मार्किट।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए उपायुक्त रोहित जम्वाल ने जिले में रविवार को बाजारों को बंद रखने के आदेश दिए थे। रविवार को कई स्थानों पर लोगों ने आदेशों का पूरी तरह से पालन किया। शहर में दुकानों पर ताले लटके रहे। केवल जरूरी सामान की दुकानें ही खुली रहीं। लोगों की आवाजाही भी कम रही। बस अड्डे में भी बसों में कम सवारियां दिखीं।
गौर रहे प्रदेश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने हर रविवार को बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है। रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की दुकानों के अलावा सभी दुकानें बंद रखी जाएंगी। जिला उपायुक्त रोहित जम्वाल ने रविवार को बिलासपुर मेें बाजार बंद रखने के आदेश दिए हैं। केवल दूध, ब्रेड, फ्रूट, सब्जी की दुकानें और मेडिकल स्टोर सहित न्यूज पेपर एजेंसियां खुली रहीं। शहर में एसडीएम बिलासपुर रामेश्वर दास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पुलिस कर्मी गश्त करते दिखाई दिए। उन्होंने लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी। एसडीएम ने बताया कि बाजारों में सभी दुकानें बंद रहीं। शादियों में भी लोग नियमों का पालन कर रहे हैं।