बिलासपुर। पति की चिंता की अग्नि अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि पत्नी ने भी वियोग में प्राण त्याग दिए। ऋषिकेश में बुजुर्ग दंपती ने एक ही दिन में दुनिया को अलविदा कह दिया। शादी की रस्मों के बाद अब अंतिम संस्कार के बाद की क्रियाएं भी एकसाथ होंगी।
मिली जानकारी अनुसार बिलासपुर के डमली पंचायत के ऋषिकेश गांव में एक ही दिन में बुजुर्ग दंपती का निधन हो गया। यह घटना दिनभर चर्चा का विषय बनी रही। ऋषिकेश गांव के सेवानिवृत्त हेड मास्टर प्यार सिंह चंदेल (82) का शनिवार सुबह करीब तीन बजे हृदय गति रुकने से निधन हो गया। गोविंद सागर झील के किनारे शनिवार को करीब 11 बजे दाह संस्कार की प्रक्रिया अभी शुरू ही की गई थी कि उनकी धर्मपत्नी के भी स्वर्गवासी होने का समाचार आ गया। स्वर्गीय प्यार सिंह चंदेल की धर्मपत्नी हुकमी देवी (75) अपने पति की मौत की खबर को सहन न कर पाई और उन्होंने पति के वियोग में प्राण त्याग दिए। लोग स्वर्गीय प्यार सिंह चंदेल को अंतिम विदाई देने के श्मशानघाट गए थे। वे जैसे ही अपने-अपने घरों की ओर जाने लगे तो हुकमी देवी के देहांत की खबर आ गई। उन्हें दोबारा श्मशानघाट का रुख करना पड़ा।