बिलासपुर। मंदरीघाट-छुजाला सड़क को पक्का करने का कार्य 8 साल से अधर में लटका हुआ है। करीब 12 किलोमीटर सड़क पर जान जोखिम में डालकर दोपहिया वाहन चालक सफर कर रहे हैं।
पिछले कई साल से मंदरीघाट से लेकर छुजाला तक सड़क को पक्का करने का कार्य अधर में लटका हुआ है। सड़क की हालत खस्ता होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात में सड़क में पानी भर जाने के कारण कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। दोपहिया वाहनों के लिए चलना मुश्किल हो जाता है। वहीं गर्मियों में लोगों को गड्ढों व धूल के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हजारों की आबादी होने के कारण क्षेत्र की सड़क पक्की नहीं हो पा रही है। कुहघाट, संताली, छुजाला, धार, गवालमुठानी सहित आसपास के कई गांवों के लोग पिछले 8 साल से करीब 12 किलोमीटर सड़क के पक्का होने की आस लगाए बैठे हैं।
लोगों का कहना है कि सड़क में बहुत से वाहनों की आवाजाही रहती है। सड़क की हालत खस्ता होने के कारण यहां कई हादसे हो चुके हैं। सदर विधायक सुभाष ठाकुर का कहना है कि वन विभाग की एनओसी न मिलने के कारण सड़क के पक्के होने का कार्य लटका हुआ है। सड़क के निर्माण कार्य के राशि स्वीकृत की जा चुकी है। वन विभाग की एनओसी मिलने के बाद इस सड़क के पक्के होने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।