बिलासपुर के गुरुद्वारा चौक के पास दो पहिया वाहन को बाजार मे जाने से रोकते पुलिस कर्मी। ।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। दिवाली को लेकर बिलासपुर पुलिस ने सुरक्षा इंतजाम पुख्ता कर लिए हैं। शहर के बाजारों से लेकर रिहायशी इलाकों में गश्त की जा रही है। वहीं गांधी मार्केट में गाड़ियों के आने-जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। मार्केट में जाने वाले लोगों को मास्क पहनने की सलाह भी दी जा रही है। वहीं एनएच सहित अन्य क्षेत्रों में पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। पुलिस एनएच पर जाम सहित अन्य हुड़दंगियों पर नजर रखेगी।
त्योहारी सीजनों में अक्सर एनएच पर वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। इसके कारण कई बार जाम की समस्या भी बन जाती है। इसके लिए कॉलेज चौक, गांधी मार्केट की तरफ जाने वाले रास्ते में, बस स्टैंड चौक, गुरुद्वारा चौक व अन्य चौकों पर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।
एसएचओ यशवंत सिंह ने कहा कि त्योहारी सीजन को लेकर सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। सुरक्षा को लेकर पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। गाड़ियों, बाइकों के साथ एनएच और शहर के इलाकों में गश्त की जा रही है। हुड़दंगियों पर सख्त कार्रवाई करने के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सामाजिक दूरी का पालन करें और मास्क पहनकर ही बाजार जाएं।