जुखाला (बिलासपुर)। लोक निर्माण विभाग मंडल दो के तहत मंझोत-स्याहोला सड़क का कार्य करीब डेढ़ साल से बंद है। सड़क का निर्माण मुख्यमंत्री ग्राम पथ योजना के तहत होना है। इसका भूमि पूजन सितंबर 2017 में हुआ था। 8 जून 2018 को करीब 34.51 लाख रुपये का टेंडर हुआ था।
इस कार्य को तीन महीने में पूरा किया जाना था। यह कार्य 2018 में ही पूरा हो जाना चाहिए था लेकिन ठेकेदार ने इस कार्य को अभी तक पूरा नहीं किया है। सड़क का कार्य पिछले करीब डेढ़ साल से बंद पड़ा है। लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार को 5-6 नोटिस भी दिए और 3.45 लाख की पेनल्टी भी लगाई। कागजों में पेनल्टी तो लगाई लेकिन अभी तक ठेकेदार से राशि नहीं वसूली गई है । न ही इस टेंडर को रद्द करके अन्य को दिया गया है। विभाग की ठेकेदार पर दरियादिली का खामियाजा यहां के बाशिंदों को भुगतना पड़ रहा है। उन्हें बेहतर सड़क सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। इसके बारे में यहां के बाशिंदे पूर्व विधायक रणधीर शर्मा से भी एक सितंबर को मिले थे। उन्होंने भी सड़क का कार्य जल्द पूरा करने को कहा था। लेकिन अभी तक इस सड़क कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इस कारण ग्रामीणों में विभाग के प्रति रोष है।
पूर्व उपप्रधान गोपाल शर्मा, डॉ. पीसी शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, बाबूराम शर्मा, अनिल कुमार, बलदेव शर्मा, नरोत्तम दास आदि ने पूर्व विधायक रणधीर शर्मा से गुहार लगाई है कि इस सड़क का निर्माण विभाग से जल्द शुरू करवाया जाए। इसके बारे में लोक निर्माण विभाग मंडल दो के अधिशाषी अभियंता गुरविंदर सिंह राणा ने कहा कि संबंधित ठेकेदार को एक सप्ताह के भीतर सड़क का काम शुरू करने का नोटिस दिया जा रहा है। अगर उसने काम शुरू नहीं किया तो पेनल्टी वसूल करके यह काम अन्य ठेकेदार को आवंटित कर दिया जाएगा।