बरठीं (बिलासपुर)। झूठे दस्तावेज प्रस्तुत कर हासिल किया शौच मुक्त पंचायत का दर्जा शीर्षक से खबर छपने के बाद पंचायतीराज विभाग हरकत में आ गया है। खंड विकास अधिकारी झंडूता और स्वच्छ भारत मिशन के अधिकारियों ने ग्राम पंचायत बड़गांव में कुछ घरों में शौचालय न होने का कड़ा संज्ञान लिया है।
उक्त विभागों ने जिन घरों में शौचालय नहीं बने हैं उनमें स्वच्छ भारत मिशन के तहत एक माह में शौचालय बनवाने के पंचायत सचिव को आदेश जारी किए हैं। खंड विकास अधिकारी धर्मपाल ने बताया कि ग्राम पंचायत बड़गांव में कुछ घरों में अभी तक शौचालय नहीं बने हैं। इसकी सूचना मिलने पर संज्ञान लिया गया है। उन्होंने पंचायत को आदेश दिए हैं कि एक माह में स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालयों का निर्माण किया जाए।
उधर, स्वच्छ भारत मिशन के खंड समन्वयक रमेश कुमार ने बताया कि पंचायत सचिव को रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा स्वच्छ भारत मिशन और मनरेगा के तहत शौचालय बनाए जाएंगे। उधर, पंचायत सचिव ब्रह्मदत्त ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार ग्राम पंचायत के सभी पंचायत सदस्यों को नोटिस भेजा जाएगा कि अपने-अपने वार्ड के सभी घरों का निरीक्षण करें। जिन घरों में अभी तक शौचालय नहीं बने हैं उनकी रिपोर्ट पंचायत कार्यालय में जमा करवाई जाए। ताकि रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजकर उचित कार्रवाई की जा सके।