बिलासपुर। लंबे अंतराल के बाद सोमवार को जिला के तीस रूटों पर बस सेवा शुरू हो जाएगी। वहीं सोमवार को बिलासपुर से शिमला के लिए भी बस भेजी जाएगी। हालांकि पहले दिन तीस रूटों पर ही बस सेवा चलेगी। इसके बाद जहां-जहां से डिमांड आएगी एचआरटीसी बसें भेजती रहेगी। जिला में सुबह सात बजे से बस सेवा शुरू होगी, जो शाम सात बजे तक चलेंगी। सात बजे के बाद कोई भी बस रूट पर नहीं चलेगी। सोमवार से बस सेवा शुरू करने को लेकर निगम की ओर से सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है।
रविवार को भी दिन भर निगम के कर्मचारियों ने लंबे समय से खड़ी बसों की जांच की। इसके बाद कुछ बसों को बस अड्डे में भी लाया गया है। सभी बसों को पूरी तरह से सैनिटाइज कर दिया गया है। निगम बसों को हर रोज सैनिटाइज करेगा। वहीं विभिन्न रूटों पर 60 फीसदी सवारियों के साथ ही बसें चलेंगी। एचआरटीसी बिलासपुर के आरएम मेहर चंद ने बताया कि बस सेवा शुरू करने के लिए सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। सोमवार को सुबह सात बजे से बस सेवा शुरू होगी। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे जैसे-जैसे लोगों की डिमांड आती रहेगी बस सेवा अन्य रूटों पर भी शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी लोगों को सेवा मुहैया करवाने को पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि सोमवार को शिमला के लिए भी बस भेजी जाएगी।