बिलासपुर। एसीसी कंपनी पर धौन कोठी के एक ग्रामीण ने उसकी निजी भूमि पर जबरन खनन करने और कब्जा करने के आरोप लगाए हैं। संजीव कुमार ने बताया कि उसकी 10 बीघा निजी भूमि पर जबरन खनन और कब्जा किया है। संजीव ने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की थी। वहां से इसकी कार्रवाई के आदेश खनन अधिकारी को आए। वहीं अब खनन विभाग ने इस मामले को राजस्व विभाग को सौंप दिया है। इस मामले को लेकर राजस्व विभाग ने इस जमीन के सीमांकन के आदेश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि ग्रामीण संजीव कुमार की 10 बीघा भूमि एसीसी के खनन क्षेत्र से लगती है। संजीव कुमार ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दी थी कि एसीसी कंपनी ने बिना जमीन का अधिग्रहण किए उसकी भूमि पर जबरन खनन किया है। बाकी जमीन पर जबरदस्ती कब्जा कर रही है। ग्रामीण का कहना है कि उक्त सारी जमीन उसकी निजी है। आरोप लगाया कि जब उसने सीएम और जिला प्रशासन को इसकी शिकायत दी तो उसे एसीसी प्रबंधन की तरफ से धमकियां मिलनी शुरू हो गईं। संजीव कुमार ने जिला उपायुक्त को शिकायत दी थी। इस पर उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई करने के लिए आदेश दिए थे। लेकिन अभी तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
संजीव कुमार का कहना है कि सीएम हेल्पलाइन से शिकायत के निवारण के निर्देश जिला खनन विभाग को हुए थे। खनन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर आकर राजस्व विभाग को कार्रवाई करने के आदेश दिए। संजीव का कहना है कि राजस्व विभाग ने जमीन के सीमांकन के आदेश जारी किए हैं। सदर तहसीलदार अमित कुमार ने बताया कि अभी मामला उनके ध्यान में नहीं है। कहा कि हाल ही में बतौर सदर तहसीलदार ज्वाइन किया है। मामले को लेकर जल्द ही उचित कार्रवाई करेंगे।