-आदित्य चंदेल को चुना गया विद्यालय का हेड बॉय
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के दसगांव स्कूल में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया गया। स्कूल के अध्यापक व छात्र मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत रैलियां, लघु नाटिका, भाषण, लोकगीत, जागरूकता गीत आदि अनेक गतिविधियां आयोजित कर रहे हैं। इस संदर्भ में शनिवार को मतदान प्रक्रिया को पूर्ण रूप से समझने व समझाने के लिए विद्यालय में लोकसभा चुनाव की रिहर्सल कराई गई।
विद्यालय में हेड बॉय का चुनाव लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया का पालन करते हुए विधिवत रूप से किया गया। इस दौरान विद्यालय के चारों सदनों के दो-दो प्रतिनिधि छात्र लोकसभा प्रत्याशियों में से मतदान प्रक्रिया का पालन करते हुए आदित्य चंदेल को सर्वाधिक मत प्राप्त हुए। आदित्य चंदेल को विद्यालय का हेड बॉय निर्वाचित घोषित किया गया। स्कूल के हिंदी प्रवक्ता कुलदीप शांडिल्य ने विद्यार्थियों को मतदान के दिन अपने अभिभावकों, परिवार जनों, सगे-संबंधी व रिश्तेदारों को मतदान की अनिवार्यता को लेकर अवगत करवाया। पहले मतदान फिर जलपान नारे को सार्थक करते हुए इस संदेश को बच्चों को अपने परिवार और समाज तक ले जाने के लिए भी प्रेरित किया। प्रधानाचार्य राकेश शर्मा ने लोकतंत्र में मतदान के महत्व पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अभिभावकों, परिजनों को अनिवार्य मतदान कर लोकतंत्र के इस महायज्ञ में अपना बहुमूल्य योगदान करने के लिए टिप्स दिए। इस अवसर पर प्रबंधन समिति के प्रधान व अन्य सदस्यों ने विद्यालय के 'लर्निंग बाय डूइंग' के इस प्रयास की प्रशंसा की और बच्चों के उत्साह के लिए भी उन्हें बधाई दी। इसके साथ ही प्लास्टिक, पॉलीथिन के दुष्प्रभावों को प्रदर्शित करती हुई एक लघु नृत्य नाटिका भी प्रस्तुत की गई। इस मौके पर समस्त प्रवक्ता, अध्यापक व संस्था सदस्य, कर्मचारी सभी उपस्थित रहे।