चडीगढ़ में दोस्त से मिलने गया था आशीष
एनआईटी हमीरपुर से कर रहा एमटेक की पढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं की बरोटा पंचायत के छत्र गांव के एक युवक की पंजाब के खरड़ में सड़क हादसे के दौरान मौत हो गई। युवक घर का इकलौता चिराग था।
युवक एनआईटी हमीरपुर में पढ़ाई कर रहा था। वह दोस्त से मिलने शनिवार को चंडीगढ़ गया था। दोस्त के साथ बाइक पर सवार हो खरड़ हो जा रहा था, वहां हादसे के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य लोगों की भी मौत हुई है। जबकि बाइक पर सवार उसका दोस्त आईसीयू में है। जानकारी के मुताबिक बरोटा के छत्र गांव का आशीष (24) उर्फ गोलू एनआईटी हमीरपुर में एमटेक की पढ़ाई कर रहा था। इससे पहले वह चंडीगढ़ में बीटेक कर चुका था। आशीष का एक दोस्त राजस्थान से चंडीगढ़ आया हुआ था। उससे मिलने को शनिवार को घर से बस में चंडीगढ़ गया था। चंडीगढ़ में इनके अन्य दोस्त भी इकट्ठे हो गए। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम के करीब 6:00 बजे आशीष अपने दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर खरड़ की तरफ जा रहा था। खरड़ के समीप प्लाइओवर पर सड़क हादसा हो गया। इस दौरान आशीष पैरापिट से जा टकराया। स्थानीय लोगों ने उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन आशीष को गर्दन और अन्य हिस्सों पर चोटें लगने के कारण उसकी मौत हो गई। आशीष पढ़ने में होशियार था। एनआईटी के तहत आने वाले समय में उसे विदेश पढ़ने के लिए जाना था। पासपोर्ट और अन्य औपचारिकताएं पूरी हो चुकी थीं। आशीष के पिता डंगार में इलेक्ट्रिक की दुकान करते हैं। माता गृहिणी हैं। आशीष के दादा पैरामिलिट्री फोर्स से सेवानिवृत्त हैं और पूर्व पंचायत प्रधान भी हैं। बूढ़ी दादी अपने पोते को बड़े प्यार से रखती थी। आशीष की बहन बीफार्मा की पढाई कर रही है। परिजनों के साथ गांव वालों का भी चहेता आशीष हर आंख को नम कर गया। सड़क हादसे में घायल हुआ आशीष का एक दोस्त आईसीयू में है। इस हादसे के दौरान एक बुजुर्ग भी स्कूटी पर सवार होकर वहां से गुजर रहा था, वह भी हादसे में मारे गए। हरियाणा का 33 वर्षीय व्यक्ति भी पैदल चलता हुआ इस हादसे की चपेट में आ गया, उसकी भी मौत हो गई।