घुमारवीं में लावारिस बैल के हमले में घायल पत्रकार।
- फोटो : BILASPUR
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवी उपमंडल में हिंसक हुए लावारिस पशुओं का आंतक दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। बावजूद इसके प्रशासन स्तर से कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। अभी दो दिन पूर्व पार्क वाहनों की तोड़फोड़ करने के बाद वीरवार की रात में एक लावारिस सांड़ ने बाजार के पास बाइक से घर लौट रहे टीवी चैनल के पत्रकार पर हमला कर घायल कर दिया। इससे वह जमीन पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने साड़ के चंगुल से बचाकर पीड़ित को अस्पताल पहुंचाया। घटना से गुस्साएं लोगों ने लावारिस घूम रहे पशुओं को गोशाला में रखने की मांग की है।
शहर के शास्त्री नगर कालोनी के वार्ड नंबर तीन निवासी सुरेंद्र कुमार (42) पुत्र धर्म पाल एक टीवी चैनल में पत्रकार हैं। रोजाना की तरह वह बाइक से वीरवार की रात साढ़े आठ बजे एक कार्यक्रम के कवरेज से घर लौट रहे थे। वह बचत भवन के पास सामने से आ रहे ट्रक को देखकर धीरे से चल रहा था कि अचानक पीछे से सांड़ ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह नीचे गिर गया। युवक के नीचे गिरने के बाद भी सांड़ हमला करता रहा तथा करीब पांच मिनट तक युवक पर ताबड़तोड़ हमला किया। इससे युवक बुरी तरह घायल हो गया है। आसपास के लोग युवक को नहीं बचाया और प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल में ले गए।
बता दें कि लावारिस पशुओं के आंतक से लोग परेशान आ चुके हैं। आए दिन के इनके हमले में कोई न कोई नुकसान या फिर व्यक्ति घायल हो रहा है। इसके लिए अखबारों में समाचार भी प्रकाशित हो रहे हैं, लेकिन न तो नगर परिषद और न ही जिला प्रशासन की ओर से इन लावारिस पशुओं पर कोई कार्रवाई हो रही है। प्रशासन के इस उदासीनता से आए दिन क्षेत्र में लावारिस पशुओं ने आंतक मचा रखा है और प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। लोगों का कहना है कि जब तक यह पशु कुछ लोगों की जान नहीं ले लेते हैं तब तक प्रशासन की नींद नहीं खुलेगी।
कुछ समय पहले उपायुक्त ने गोसदन संचालकों के साथ बैठक कर आवारा पशुओं को सदनों में रखने के निर्देश दिए थे। उस प्रक्रिया के ऊपर कार्य किया जा रहा है। अगर, आवारा पशुओं के द्वारा किसी को घायल किया जाता है तो सरकार द्वारा आर्थिक सहायता दी जाती है। -शशिपाल शर्मा, एसडीएम, घुमारवीं।