बैठक छंदोह में हुई आयोजित, स्थायी कार्यालय स्थल का फैसला विभाग करेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। नवगठित एवं निर्विरोध बनी छंदोह पंचायत में पंचायत कार्यालय के स्थान को लेकर चल रहा विवाद फिलहाल शांत होता दिखाई दे रहा है। मंगलवार को पंचायत प्रधान सुभाष रनौत की अध्यक्षता में छंदोह में पंचायत की बैठक आयोजित की गई। बैठक के आयोजन के साथ ही पंचायत कार्यालय को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रही चर्चाओं पर काफी हद तक विराम लग गया है। हालांकि पंचायत भवन और स्थायी पंचायत कार्यालय कहां स्थापित होगा, इस संबंध में अंतिम निर्णय संबंधित विभाग द्वारा लिया जाएगा।
बताते चलें कि 27 जून को पंचायत की पहली बैठक के दौरान कार्यालय के स्थान को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। स्थिति ऐसी बन गई थी कि एक ही पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण दो अलग-अलग स्थानों पर कराना पड़ा। डोहरू, मरयानी और पन्याली वार्ड के तीन सदस्यों को पन्याली में, जबकि छंदोह और जसवानी वार्ड के दो सदस्यों को छंदोह में शपथ दिलाई गई थी। उस समय पंचायत कार्यालय के स्थान को लेकर प्रधान और उपप्रधान अलग-अलग पक्षों में थे। परिसीमन के बाद गठित छंदोह पंचायत में कुल पांच वार्ड हैं। प्रधान, उपप्रधान और सभी वार्ड सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। बिना मतदान के पंचायत का गठन होने के कारण यह पंचायत पहले ही पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई थी। इसके बाद पंचायत कार्यालय को लेकर उत्पन्न विवाद ने भी कई तरह की अटकलों को जन्म दिया। पंचायत प्रधान सुभाष रनौत ने बताया कि मंगलवार को पंचायत की बैठक छंदोह में आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि पंचायत भवन और स्थायी पंचायत कार्यालय के संबंध में अंतिम निर्णय संबंधित विभाग करेगा। तब तक पंचायत की बैठकें छंदोह में ही आयोजित की जाएंगी।