- छह सड़कों के लिए 160 रुपये की सैद्धांतिक मंजूरी
-बोले-प्रदेश सरकार को लगातार मिला आशीर्वाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर विधायक त्रिलोक जमवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने जिले में विभिन्न सड़कों के लिए करीब 300 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। छह सड़कों के लिए 160 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है, जबकि कुछ सड़कों का कार्य प्रगति पर है।
बिलासपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का आशीर्वाद प्रदेश को लगातार मिला है। केंद्र सरकार ने भंजवाणी पुल के लिए करीब दो साल पहले 104 करोड़ रुपये जारी किए हैं, लेकिन प्रदेश सरकार इसका टेंडर नहीं करा पाई। केंद्र के सहयोग से सिकरोहा-मंझवाड़-जब्लयाणा-सोहर सड़क का प्रगति पर है। इस सड़क की लंबाई करीब 17.5 किलोमीटर है और इस पर 16.5 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। इसका करीब 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सदर में चार सड़कें मंजूर हुई हैं। इसमें ढल्ली से मियां बंदला सड़क पर जो 5 किलोमीटर है और इसके लिए 4.98 करोड़ मंजूर हुए हैं। धार टटोह-द्रोबड़ सड़क जो करीब 10 किलोमीटर है। इसके लिए 8.81 करोड़ रुपये मिले हैं। हरनोड़ा-बौठ कसोल सड़क जो 7.5 किलोमीटर है। उसके लिए 8 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। वहीं चौथी सड़क कुठेड़ा-तल्याणा है, इसका कार्य भी शुरू हो गया है। इसके लिए 7 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं। विधायक ने बताया कि हाल ही में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को छह सड़कों के सुधारीकरण का प्रस्ताव भेजा था। इन छह सड़कों को केंद्र सरकार ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी और प्रदेश सरकार को डीपीआर और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए करीब 160 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन सड़कों में नवगांव बैरी से दाड़लामोड़ सड़क (37 किलोमीटर, 80 करोड़), प्लैणीघाट नोग से कुडी सड़क (7 किलोमीटर, 18 करोड़), जबल्याणा से कूह घाट सड़क वाया मंदरीघाट (10 किलोमीटर, 16 करोड़), कूह घाट से त्रिफालाघाट (12 किलोमीटर, 7 करोड़), अंमरसिंहपूरा से ग्वाल वाया बल्हचुराणी (13 किलोमीटर, 16 करोड़) और बिलासपुर-बंदला-विनायक घाट सड़क (23 किलोमीटर, 23 करोड़) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा नाबार्ड के माध्यम से बनने वाली सोलग से जुरासी और दियोली से आम का सुआ सड़क की डीपीआर भी केंद्र को भेज दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। इन सड़कों के बनने से विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। इस मौके पर सदर भाजपा मंडल अध्यक्ष हंसराज ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष कमल गौतम, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी स्वदेश ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे।