डीआरडीए सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
जनगणना से विकास योजनाओं को मिलेगी नई दिशा
फील्ड ट्रेनरों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
मकान सूचीकरण और जनसंख्या गणना दो चरणों में होगी पूरी
अधिकारियों ने लोगों से जनगणना अभियान में सहयोग की अपील की
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले में जनगणना-2027 के लिए फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम डीआरडीए सभागार में शुरू हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त राहुल कुमार ने किया। यह प्रशिक्षण गृह मंत्रालय के अंतर्गत जनगणना कार्य निदेशालय के सौजन्य से आयोजित किया जा रहा है।
उपायुक्त ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़ों के आधार पर संसद, विधानसभा, पंचायतों और शहरी स्थानीय निकायों की सीटों का परिसीमन भी किया जाता है। जनगणना के दौरान लोगों से 33 प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को डिजिटल माध्यमों तथा नवीन तकनीकों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि गृह सूचीकरण कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
सहायक निदेशक जनगणना प्रियांशु तिवारी ने बताया कि प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी। इससे मानव बस्तियों की स्थिति, आवासीय कमी, परिवारों में उपलब्ध सुविधाओं और परिसंपत्तियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त होगी। यह डाटा केंद्र और राज्य सरकारों की विकास योजनाओं तथा आवास नीतियों के निर्माण में सहायक बनेगा।
उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं एकत्रित की जाएंगी। यह जानकारी सार्वजनिक प्रशासन, योजना निर्माण और निर्वाचन संबंधी कार्यों के लिए बेहद उपयोगी होगी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सीएमएमएस पोर्टल, एचएलओ (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) और एचएलबीसी एप के उपयोग की जानकारी दी जा रही है। इन डिजिटल माध्यमों से फील्ड डाटा संग्रहण, निगरानी तथा गांवों की सीमाओं और पर्यवेक्षण क्षेत्रों के निर्धारण की प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा।
जनगणना विभाग के अनुसार स्व-गणना कार्य 1 जून से 15 जून तक संचालित किया जाएगा, जबकि हाउस लिस्टिंग कार्य 16 जून से 15 जुलाई तक चलेगा। अधिकारियों ने आम जनता से जनगणना अभियान में सहयोग करने की अपील भी की। प्रशिक्षण में अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, जिला अनुसंधान अधिकारी ललित शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी नीलाक्ष शर्मा तथा सांख्यिकी अन्वेषक अधिकारी ग्रेड-दो आनंद सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।