विधायक ने जताई आपत्ति, बोले-फिजूलखर्ची से पुजारियों की हालत खराब
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। श्री नयना देवी जी मंदिर न्यास के 40वें स्थापना दिवस मनाने के निर्णय पर श्री नयना देवी जी के विधायक रणधीर शर्मा ने आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे मंदिर न्यास के धन का दुरुपयोग करार दिया और कहा कि यह उचित नहीं है।
प्रेस बयान में विधायक ने कहा कि जो लोग कभी मंदिर न्यास का विरोध करते थे, आज वही जश्न मनाने की तैयारी में हैं। शर्मा ने आरोप लगाया कि मंदिर ट्रस्ट बनने के बाद अब तक कभी ऐसा समारोह नहीं हुआ, फिर अचानक 40 वर्ष पर जश्न मनाने की क्या जरूरत है। उन्होंने इसे फिजूलखर्ची करार दिया।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र के पुजारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कई पुजारियों की माली हालत बेहद खराब है, लेकिन न्यास उनके लिए राहत देने की बजाय समारोह पर धन खर्च कर रहा है। उन्होंने बताया कि आम तौर पर स्थापना दिवस 25 वर्ष पर सिल्वर जुबली या 50 वर्ष पर गोल्डन जुबली के रूप में मनाया जाता है, 40 वर्ष पर इसका कोई औचित्य नहीं बनता।
शर्मा ने प्रदेश की खराब आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि हिमाचल एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के कर्ज में डूबा है। जनता के काम ठप पड़े हैं, विकास कार्य रुके हैं और विधायक निधि तक जारी नहीं हो पा रही। वहीं आपदा से प्रभावित हजारों लोगों को अभी तक पूरी राहत नहीं मिली है। ऐसे संकट के समय जश्न मनाना, चाहे वह सरकार के तीन साल का हो या मंदिर ट्रस्ट के 40 वर्ष का, जनता की भावनाओं के विपरीत है।