मेडिएशन फॉर दी नेशन 3.0 अभियान शुरू, वैवाहिक विवाद से लेकर चेक बाउंस और जमीन संबंधी मामलों का भी होगा समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अदालतों में लंबे समय से लंबित मामलों के निपटारे के लिए मेडिएशन फॉर दी नेशन 3.0 अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत विभिन्न मामलों को मध्यस्थता, सुलह और आपसी सहमति के आधार पर सुलझाया जाएगा। खास बात यह है कि इस प्रक्रिया के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं वरिष्ठ सिविल जज प्रतीक गुप्ता ने बताया कि अदालतों में कई मामले लंबे समय तक लंबित रहते हैं। इससे संबंधित पक्षों को समय और धन दोनों खर्च करने पड़ते हैं। ऐसे में मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का समाधान करना एक बेहतर विकल्प है। इच्छुक पक्ष अपने मामले के निपटारे के लिए संबंधित अदालत में आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत वैवाहिक विवाद, चेक बाउंस, मोटर दुर्घटना दावा, समझौता योग्य आपराधिक मामले, बीमा और जमीन संबंधी विवादों का निपटारा किया जा सकता है। इसके लिए संबंधित अदालत में या अपने वकील के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। अभियान और मध्यस्थता प्रक्रिया की अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-221452 पर संपर्क किया जा सकता है।