बिलासपुर। बिलासपुर के बंदला रोड पर दनोह के पास रविवार शाम करीब 5.45 बजे एक कार करीब 300 फीट गहरी खाई में गिर गई। कार में महिला चालक सहित सात लोग सवार थे। इनमें तीन बच्चे, तीन महिलाएं और एक पुरुष था। हादसे में 9 वर्षींय बच्चा और 36 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिन्हें गंभीर हालत में पीजीआई रेफर किया गया है। सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी अनुसार कार बंदला से बिलासपुर की तरफ आ रही थी। दनोह के पास सड़क किनारे खड़ी एक महिला को गाड़ी ने टक्कर मार दी। इसके बाद गाड़ी अनियंत्रित हो गई और खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सक ने गंभीर घायलों को रेफर करने के लिए शाम 7 बजकर 1 मिनट पर 108 एंबुलेंस को कॉल किया। लेकिन 8 बजे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। जिला अस्पताल की खटारा एंबुलेंस में मरीजों को लेकर पीजीआई भेजना पड़ा। बच्चे के साथ मीनाक्षी को भी उसकी देखभाल के लिए पीजीआई भेजा गया।
घायलों की पहचान 9 वर्षीय मरीन, मीनाक्षी, सपना देवी, नेहा कुमारी, रूपा देवी, निखिल (13), बकौना देवी निवासी कुल्लू के रूप में हुई है। जबकि 36 वर्षीय गोपाल बरठीं के टिहरा का निवासी है। उक्त सभी लोग घुमारवीं में कारोबार करते हैं। रविवार को बंदला घूमने गए थे। गोपाल और मरीन को गंभीर चोटें आई हैं। इन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया है। राजस्व विभाग ने तीन घायलों को 3-3 हजार रुपये की फौरी राहत जारी कर दी है।
इनसेट
घायलों का जिला अस्पताल में इलाज किया गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस को फोन कर मौके पर बुलाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को पीजीआई रेफर कर दिया गया है।
डॉ. नरेंद्र भारद्वाज, एमएस बिलासपुर
इनसेट
धक्का स्टार्ट एंबुलेंस में घायलों को भेजा गया पीजीआई
जिला अस्पताल में अव्यवस्था का आलम यह है कि गंभीर रूप से घायलों को पीजीआई ले जाने के लिए जो एंबुलेंस आई, उसे धक्का देकर स्टार्ट किया गया। चालक साइड का शीशा भी टूटा हुआ था। जिला अस्पताल में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के अस्पताल प्रबंधन के दावे खोखले साबित हुए।
इनसेट
हादसे के बाद समय पर नहीं मिली एंबुलेंस
कार हादसे के बाद ही जिला अस्पताल की एंबुलेंस सुविधा हांफती नजर आई। ऐसे में यह बात सोचने का विषय है कि अगर कोई बड़ा हादसा पेश आता तो उससे जिला अस्पताल प्रबंधन कैसे निपटता।
बलासपुर के बंदला रोड पर करीब 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार।- फोटो : BILASPUR