- शिमला-मटौर हाईवे पर डंगार के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। पुलिस थाना भराड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग शिमला-मटौर पर डंगार के पास लावारिस पशुओं को बचाते समय एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला गया और राष्ट्रीय राजमार्ग की एंबुलेंस से घुमारवीं अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद एम्स रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार हमीरपुर निवासी पारस (23) अपनी नानी निर्मला देवी को उनके घर छोड़ने बिलासपुर जा रहा था। पारस के साथ कार में 12 वर्षीय आदित्य और 21 वर्षीय इशिका भी साथ जा रही थी। जब वह गाड़ी लेकर डंगार के नजदीक जोहड़ी कस्बे के पास पहुंचे तो गाड़ी के आगे अचानक दो लावारिस बैल आ गए। बैलों को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित कार सड़क किनारे बड़े पत्थर से जा टकराई। इससे कार में सवार चारों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों सहित अन्य वाहन चालक मौके पर पहुंच गए और घायलों को कार से निकाला। घायलों को घुमारवीं अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर उनका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद घायलों को कोई बड़ी चोट न हो इसकी जांच के लिए बिलासपुर एम्स भेजा गया। भराड़ी थाना प्रभारी देवानंद ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों में से किसी को कोई गंभीर चोट न हो इसके लिए एम्स बिलासपुर में जांच करवाई जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।