बिलासपुर। बिलासपुर थाना सदर के तहत बिनौला गांव में सोने व चांदी के आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई। पुलिस ने प्राथमिकता के आधार पर मामला दर्ज कर इसकी छानबीन की। वहीं सोमवार को ही पुलिस ने गहने चोरी करने वाले चोर को भी पकड़ लिया है। जिसे पुलिस मंगलवार को कोर्ट में पेश करेगी। जानकारी के अनुसार सदर थाना के तहत बिनौला गांव के सुमन कुमार ने पुलिस को शिकायत दी कि कोई उनके घर से उसकी पत्नी के जेवरात चोरी कर गया है। उसने पुलिस को बताया था कि इन जेवरात की कीमत लगभग 80 हजार रुपये के करीब है। पुलिस ने सोमवार सुबह मामला दर्ज करने के बाद से ही इसकी छानबीन शुरू कर दी। वहीं सोमवार दिन को ही चोरी करने वाला युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
एएसपी भागमल ठाकुर ने बताया कि चोरी करने वाला युवक उनके परिवार का ही था। जो रिश्ते में सुमन का भतीजा लगता है। उन्होंने कहा कि आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। जहां से उसका रिमांड लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस आरोपी से और चोरियों के बारे में भी पूछताछ करेगी।