बिलासपुर। बरमाणा पुलिस टीम ने गश्त ने दौरान सलनु के नजदीक जामला के पास एक कार एचपी 24 ए 9750 के चालक से 100 नशे के कैप्सूल, 102.05 ग्राम अफीम और 1.31 लाख रुपये कैश बरामद किया है। पुलिस ने नशे की खेप के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बरमाणा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बरमाणा थाना पुलिस की टीम सलनु के पास जामला की तरफ गश्त पर थी। उसी समय वहां से एक कार गुजरी। पुलिस ने कार चालक को रोका तो वह घबरा गया। पुलिस ने शक के आधार पर कार चालक और कार की तलाशी ली। उसी दौरान कार के डैश बोर्ड में 100 नशे के कैप्सूल, 102.05 ग्राम अफीम व 1.31 लाख रुपये कैश बरामद हुआ। पुलिस ने पकड़ी गई सामग्री के साथ आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
डीएसपी बिलापसुर संजय शर्मा ने बताया कि आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार पुत्र दौलत राम गांव सलनु डाकघर सलनु के रूप में हुई है। बताया कि आरोपी के खिलाफ बरमाणा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी पुलिस हिरासत में है जिसे वीरवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लायी जा रही है।